हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू की अचानक तबीयत बिगड़ी, IGMC में कराई जांच; फिलहाल हालत स्थिर
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तबीयत शनिवार सुबह अचानक बिगड़ गई। पेट में हल्के दर्द की शिकायत के बाद उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके कई टेस्ट किए। डॉक्टरों के अनुसार, सुक्खू की तबीयत अब स्थिर है और उन्हें आराम की सलाह दी गई है। मुख्यमंत्री शिमला स्थित अपने सरकारी आवास ओक ओवर में लौट आए हैं।
IGMC के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने बताया कि मुख्यमंत्री सुक्खू को पेट में दर्द की शिकायत के बाद अल्ट्रासाउंड किया गया, जिसकी रिपोर्ट सामान्य आई। हालांकि, ऐहतियात के तौर पर उनके खून के कुछ टेस्ट भी किए गए, जिनकी रिपोर्ट आनी बाकी है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने शुक्रवार को कैबिनेट बैठक की थी और पूरी तरह स्वस्थ दिख रहे थे। देर रात अचानक उन्हें पेट में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद सुबह अस्पताल लाया गया।
पहले भी हो चुके हैं बीमार
यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री सुक्खू की तबीयत बिगड़ी हो। इससे पहले अक्टूबर 2023 में उन्हें पेट के संक्रमण और पैंक्रियाटाइटिस के कारण दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया था। एक सप्ताह के उपचार के बाद उन्हें ठीक करार दिया गया। जून 2023 में भी तबीयत खराब होने पर उन्होंने चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल से उपचार लिया था।
कल था जम्मू-कश्मीर का दौरा
मुख्यमंत्री सुक्खू का रविवार को जम्मू-कश्मीर जाने का कार्यक्रम था, जहां वह विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारक के रूप में प्रचार करने वाले थे। हालांकि, अब उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद यह यात्रा संशय में है।
IGMC प्रशासन द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि मुख्यमंत्री की हालत अब सामान्य है, लेकिन उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।
0 टिप्पणियाँ